मंगलवार, 13 अक्तूबर 2026
सच्ची खबर, सबसे पहले
🔍 Search 📱 App
होम > खेल > श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका, चोट के कारण साई सुदर्शन पहले टेस्ट से बाहर
खेल

श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका, चोट के कारण साई सुदर्शन पहले टेस्ट से बाहर

📅 09 अगस्त 2026

कोलंबो, 09 अगस्त। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे की चोट के कारण गाले में होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रख रही है। दूसरे टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर फैसला उनकी रिकवरी की स्थिति को देखते हुए बाद में लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल उनके दूसरे मुकाबले में खेलने की संभावना भी कम बताई जा रही है।

अंगूठे की चोट बनी चिंता

साई सुदर्शन दाएं पैर में हुए स्ट्रेस रिएक्शन से तेजी से उबर रहे हैं। उन्होंने बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग और कंडीशनिंग एक्सरसाइज भी शुरू कर दी हैं। हालांकि, स्किल वर्क और एक्सरसाइज के बाद दाएं पैर के अंगूठे की मेटाटार्सल हड्डी में दर्द बना हुआ है। यही वजह है कि मेडिकल टीम उन्हें लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रही है।

सुदर्शन की गैरमौजूदगी भारतीय टीम की बल्लेबाजी योजना के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने अब तक भारत के लिए 7 टेस्ट मैचों में 383 रन बनाए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 31.91 रहा है।

देवदत्त पडिक्कल को मिल सकता है मौका

साई सुदर्शन की अनुपस्थिति में देवदत्त पडिक्कल को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। पडिक्कल ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर खेले जा रहे वार्म-अप मुकाबले में शानदार शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत की है।

पडिक्कल ने 121 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इस दौरान 14 चौके लगाए। शतक पूरा करने के बाद उन्हें रिटायर्ड आउट किया गया।

टीम में किसे शामिल किया जाएगा?

साई सुदर्शन के स्थान पर टेस्ट टीम में किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हालांकि, चयन समिति ऋतुराज गायकवाड़ को श्रीलंका भेजने पर विचार कर सकती है।

गायकवाड़ जून-जुलाई में इंडिया ए टीम के उप-कप्तान के तौर पर श्रीलंका दौरे पर थे। उन्होंने 50 ओवर की ट्राई-सीरीज में हिस्सा लिया था। इसके बाद गाले में खेले गए रेड-बॉल मुकाबलों में उन्होंने 22, 1 और नाबाद 13 रन की पारियां खेली थीं।

बुमराह के बाद भारत को दूसरा झटका

साई सुदर्शन की चोट भारतीय टीम के लिए इस सीरीज से पहले दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी बाएं घुटने की चोट के कारण दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह टीम में आकिब नबी को शामिल किया गया है।

ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में महत्वपूर्ण बदलाव करने पड़ सकते हैं।

 

Tags:
📌 संबंधित खबरें